फैक्ट चेक: जानिए क्या है मनचले को पीट रहीं छात्राओं के वायरल वीडियो का सच, जिसे सांप्रदायिक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है?

जानिए क्या है मनचले को पीट रहीं छात्राओं के वायरल वीडियो का सच, जिसे सांप्रदायिक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है?
  • सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा वीडियो
  • सांप्रदायिक दावे के साथ हो रहा शेयर
  • पड़ताल में फर्जी पाया गया दावा

डिजिटल डेस्क, भोपाल। सोशल मीडिया एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें दावा किया जा रहा है कि हिंदू बेटियों ने लव जिहादियों को सबक सिखाना शुरू कर दिया है। वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने कुछ लड़कियां एक लड़के को दौड़ा-दौड़ा कर डंडे से पीटते दिखाई दे रहे हैं और वह लड़का पिटने से बचने के लिए यहां-वहां भागता नजर आ रहा है। पोस्ट में पिटते हुए लड़के को मुस्लिम और लड़कियों को हिंदू बताया है। इसी सांप्रदायिक दावे के साथ इस वीडियो को सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से शेयर किया जा रहा है।

पड़ताल - वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमारी फैक्ट चेक टीम ने इस दावे के बारे में जानकारी एकत्रित की। इसके लिए सबसे पहले हमने वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च किया। जिसमें हमें वन इंडिया में प्रकाशित एक खबर मिली। दिसंबर 2018 में प्रकाशित इस खबर में वायरल वीडियो को शेयर करते हुए बताया गया है कि बागपत के कॉलेज की कुछ छात्राओं ने एक युवक की जमकर पिटाई की। वह युवक उन लड़कियों को छेड़ रहा था। तब कॉलेज की लड़कियों ने उस युवक को सबक सिखाने के लिए उसे कॉलेज के अंदर ही घेर लिया। इसके बाद उसे दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी युवक का नाम कपिल चौहान बताया गया। जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार किया। उस पर धारा 294 भी लगाई गई।

इस तरह हमने अपने दावे में पाया कि वीडियो के साथ जो सांप्रदायिक दावा किया जा रहा था वो गलत था। यह वीडियो न ही अभी का है बल्कि इसमें पिटने वाला युवक मुस्लिम नहीं बल्कि हिंदू समुदाय का है।

Created On :   27 Nov 2023 4:57 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story